भाजपा ने (SIR) अभियान को लेकर किया कार्यशाला का आयोजन

एनसीपी न्यूज़। कोटद्वार। भारतीय जनता पार्टी सुखरो मण्डल द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण के इस राष्ट्रीय अभियान में पार्टी कार्यकर्ताओं की सक्रिय, जागरूक एवं प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।
कार्यशाला में मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल एवं मुख्य वक्ता गजेन्द्र धस्माना ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस अवसर पर पार्टी के विभिन्न मोर्चों के नवनियुक्त जिलाध्यक्षों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत भी किया गया।
मुख्य अतिथि राज गौरव नौटियाल ने अपने संबोधन में कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) भारतीय संविधान एवं निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित एक पूर्णतः वैधानिक, पारदर्शी और नियमित प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और विश्वसनीय बनाना है।
उन्होंने कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे “वोट चोरी” जैसे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह जनता को भ्रमित करने का असफल प्रयास मात्र है। श्री नौटियाल ने स्पष्ट किया कि SIR के अंतर्गत किसी भी नागरिक का मताधिकार छीना नहीं जाता, बल्कि पात्र नागरिकों को जोड़ा जाता है और अपात्र, मृतक या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाता है।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की बुनियाद है और भाजपा इस संवैधानिक दायित्व को पूरी निष्ठा से निभा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर घर-घर संपर्क करें, नए मतदाताओं को जोड़ें, आम नागरिकों को SIR की प्रक्रिया की सही जानकारी दें और किसी भी प्रकार के भ्रम या अफवाह का तथ्यों के साथ जवाब दें। उन्होंने कहा कांग्रेस द्वारा ‘वोट चोरी’ का शोर असल में भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता और कांग्रेस के जनाधार में निरन्तर गिरावट से उपजी हताशा का नतीजा है । जिस पार्टी के इतिहास में चुनावी अनियमितताओं और लोकतांत्रिक मूल्यों को चोट पहुँचाने के अनेक प्रसंग दर्ज हों, वही पार्टी आज संवैधानिक प्रक्रिया पर सवाल उठा रही है।”
कार्यशाला के मुख्य वक्ता कैप्टन गजेन्द्र धस्माना ने SIR अभियान की विस्तृत प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अभियान लोकतंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को BLO के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने, डिजिटल एवं ऑफलाइन माध्यमों से नागरिकों की सहायता करने तथा प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सजगता और सक्रियता से ही यह राष्ट्रीय अभियान सफल होगा।
कार्यशाला में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया तथा अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की बात कही। कार्यक्रम के अंत में मोर्चों के नवनियुक्त जिलाध्यक्षों युवा मोर्चा अध्यक्ष श्शांता बमराड़ा, अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती सुनीता देवी, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष डॉ सुरेन्द्र सिंह सैनी, महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती शशि बाला केष्टवाल का स्वागत करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने पर बल दिया गया।
कार्यक्रम में मण्डल अध्यक्ष सुश्री प्रेमा खंतवाल, जिला उपाध्यक्ष हरी सिंह पुंडीर, पार्षद श्रीमती नीरू बाला खंतवाल, श्रीमती ऋतु चमोली, मण्डल उपाध्यक्ष श्रीमती उर्मिला कंडारी, जय प्रकाश सुंद्रियाल आदि बड़ी संख्या में पार्टी के शक्ति केन्द्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष बीएलओ उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री संजय द्विवेदी ने किया ।





