विधानसभा अध्यक्ष ने दिया स्वच्छता बनाए रखने का संदेश

विधानसभा अध्यक्ष ने दिया स्वच्छता बनाए रखने का संदेश

एनसीपी न्यूज़। कोटद्वार। अमृत प्रोजेक्ट के अंतर्गत “स्वच्छ जल, स्वच्छ मन” अभियान के तहत संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नं० 01, ग्रास्टनगंज में एक व्यापक स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की तथा उपस्थित लोगों को स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है और ऐसे जनभागीदारी वाले अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के स्वयंसेवकों, स्थानीय नागरिकों तथा जनप्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर क्षेत्र की सड़कों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई की। अभियान का उद्देश्य स्वच्छ जल स्रोतों की रक्षा करना तथा लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

मुख्य अतिथि ने फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि “स्वच्छ जल, स्वच्छ मन” जैसी पहलें पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक स्वास्थ्य दोनों के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

इस अवसर पर मुखी वीरेंद्र रमोला, पार्षद जयप्रकाश ध्यानी, आशीष कर्णवाल, जगमोहन, राजकुमार, महेश नेगी, हरीश खर्कवाल, राजेंद्र जजेड़ी एवं अमिताभ अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Ravikant Duklan (MA. MassCom )

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *