संगठन मजबूती का संदेश दे गयीं कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा

एनसीपी न्यूज़। कोटद्वार। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी, कोटद्वार के तत्वावधान में शुक्रवार को पार्थ वेडिंग प्वाइंट, निम्बूचौड़ में आयोजित भव्य कार्यक्रम में सिरसा (हरियाणा) से लोकसभा सांसद एवं उत्तराखंड कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा का कोटद्वार आगमन अत्यंत उत्साह और जोश के साथ हुआ।

इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उनका जोरदार एवं भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में कुमारी शैलजा ने उपस्थित कांग्रेसजनों को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की एकजुटता और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की असली ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं और सभी को मिलकर जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना होगा तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना होगा।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कोटद्वार की जनता आज भी विकास कार्यों को याद करती है और आने वाले समय में कांग्रेस एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें और जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएं।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल , नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य जी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व महापौर श्रीमती हेमलता नेगी, प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत , सहप्रभारी श्री सुरेन्द्र शर्मा , मनोज यादव , कोटद्वार जिलाध्यक्ष विकास नेगी , महानगर अध्यक्ष मीना बछवाण , सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने संबोधन में पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। मंच संचालन पूर्व ब्लॉक प्रमुख गीता नेगी ने किया।
सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि 2027 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी, इसके लिए अभी से संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय रहने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में भारी उत्साह देखने को मिला और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा सभी आगंतुक नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया और भविष्य में भी इसी प्रकार एकजुट होकर पार्टी को सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया गया।





