भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का हुआ शुभारंभ

एनसीपी न्यूज़। लैंसडाउन / कोटद्वार। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी, कोटद्वार द्वारा लैंसडाउन के पालकोट स्थित एक होटल में दो दिवसीय ‘जिला प्रशिक्षण वर्ग’ का शानदार आगाज हुआ। इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण वर्ग का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि व उत्तराखंड के यशस्वी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मुख्य वक्ता व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दीप प्रज्वलित कर किया।

प्रशिक्षण वर्ग परिसर में पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पूरे उत्साह और गर्मजोशी के साथ जोरदार स्वागत किया गया। प्रशिक्षण वर्ग परिसर में पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने भारतीय जनता पार्टी के गौरवशाली इतिहास और विकास यात्रा पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन कर उसका अवलोकन किया। इस प्रदर्शनी में भाजपा का इतिहास, विकास एवं केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और राज्य की पुष्कर सिंह धामी सरकार की प्रमुख जन-कल्याणकारी उपलब्धियों को विस्तार से दर्शाया गया है।
दीप प्रज्वलन के पश्चात भाजपा जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल ने दोनों शीर्ष नेताओं का पुष्प गुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत व अभिनंदन किया।

पंडित दीन दयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के अन्तर्गत आयोजित जिला प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया। उन्होंने कहा, “भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित राजनीतिक पार्टी है। हमारा हर एक कार्यकर्ता ‘राष्ट्र प्रथम’ के उच्च विचार के अनुरूप कार्य करता है और राजनीतिक माध्यम से सच्चे अर्थों में राष्ट्र निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देता है।”
मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल, असम और पुद्दुचेरी जैसे राज्यों में पार्टी को मिली प्रचंड जीत पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा, “देश की जनता ने हमारे लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी, कल्याणकारी और राष्ट्र-केन्द्रित नीतियों को खुले मन से अपनाया है।”
राज्य सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए सीएम धामी ने कहा, “हमारी सरकार ने देवभूमि के हित में कई कड़े और ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए हमने देश का सबसे सख्त ‘नकल विरोधी कानून’ लागू किया है। इसके साथ ही, राज्य विधानसभा में ‘समान नागरिक संहिता’ (UCC) पारित कर उत्तराखंड ने पूरे देश के सामने एक आदर्श प्रस्तुत किया है।”
उन्होंने आगे कहा, “देवभूमि के मूल स्वरूप और शांति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए हमने सख्त ‘धर्मांतरण विरोधी कानून’ और उपद्रवियों से सख्ती से निपटने के लिए ‘दंगा रोधी कानून’ लागू किया है। मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए हमारी सरकार ने राज्य की महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण सुनिश्चित किया है। अंत्योदय परिवारों को मुफ्त गैस सिलेंडर जैसी योजनाओं से आम जनमानस को सीधा लाभ मिल रहा है।”
विकास कार्यों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारी सरकार सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। ‘ऑल वेदर रोड’, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार से राज्य में इन्फ्रास्ट्रक्चर का अभूतपूर्व विकास हो रहा है। आम आदमी की आकांक्षाओं के अनुरूप नीतियां बनाकर राज्य का सर्वांगीण और चहुंमुखी विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।”
उत्तराखंड के युवा एवं लोकप्रिय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और ऐतिहासिक निर्णयों का विस्तारपूर्वक उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत आज विश्व पटल पर एक मजबूत, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्ग के उत्थान के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों गरीबों को पक्के मकान मिले हैं, उज्ज्वला योजना से मातृशक्ति को धुएं से मुक्ति मिली है तथा आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को निशुल्क स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को प्रतिवर्ष आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, वहीं जल जीवन मिशन के माध्यम से घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर देश की एकता और अखंडता को मजबूत किया है। साथ ही अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर निर्माण, तीन तलाक समाप्ति, नागरिकता संशोधन अधिनियम तथा नई शिक्षा नीति जैसे ऐतिहासिक निर्णय देश के गौरव को बढ़ाने वाले हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत आज डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान के माध्यम से वैश्विक अर्थव्यवस्था में नई पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने उत्तराखंड सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री मोदी जी के मार्गदर्शन में “विकल्प रहित संकल्प” के साथ प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना है जिसने सामाजिक समानता और न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है। इसके साथ ही राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित किया गया है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए मानसखंड और केदारखंड मंदिर माला मिशन पर कार्य किया जा रहा है। चारधाम यात्रा को सुविधाजनक एवं सुरक्षित बनाने के लिए सड़क, स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और विभिन्न रोपवे परियोजनाएं उत्तराखंड के विकास को नई गति दे रही हैं।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। महिला स्वयं सहायता समूहों को सशक्त किया जा रहा है तथा पर्यटन, कृषि, बागवानी और स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त एवं पारदर्शी शासन सरकार की प्राथमिकता है तथा जनहित में त्वरित निर्णय लेकर विकास कार्यों को धरातल पर उतारा जा रहा है।
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी कार्यकर्ताओं और प्रदेशवासियों से विकसित उत्तराखंड एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जनसेवा, सुशासन और विकास के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही हैं।
उद्घाटन सत्र के मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने ‘हमारा सैद्धांतिक अधिष्ठान’ विषय पर कार्यकर्ताओं का विस्तृत मार्गदर्शन किया। उन्होंने पार्टी की वैचारिक नींव, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय दर्शन और राष्ट्रवाद के सिद्धांतों को रेखांकित करते हुए कहा कि हर कार्यकर्ता को संगठन के इन उच्च आदर्शों को आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने संगठन की मजबूती और आगामी रणनीतियों पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाअध्यक्ष राज गौरव नौटियाल ने जिला प्रशिक्षण वर्ग में पहुंचे राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट का आभार प्रकट करते हुए कहा कि दोनों वरिष्ठ नेताओं का जिला स्तरीय प्रशिक्षण में पहुंचने और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करना यह प्रदर्शित करता है कि भाजपा के लिए कार्यकर्ता विकास अत्यंत महत्त्वपूर्ण है।
इस अवसर पर लैंसडाउन विधायक महंत दिलीप रावत, यमकेश्वर विधायक श्रीमती रेणु बिष्ट, जिला प्रभारी श्रीमती नेहा जोशी, सह प्रभारी संदीप गोयल, वर्ग प्रभारी नलिन भट्ट, बद्री केदार मंदिर समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह बिष्ट, महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत, सिंचाई सलाहकार उपाध्यक्ष ऋषि कंडवाल, जिला पंचायत सदस्य महेन्द्र राणा, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश ध्यानी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे ।कार्यक्रम का संचालन मोहन सिंह नेगी ने किया।





