जनता भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने का मन बना चुकी है – डॉ. हरक सिंह रावत
एनसीपी न्यूज़। लैंसडाउन/ कोटद्वार। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस द्वारा आयोजित “परिवर्तन संकल्प सम्मेलन” के तहत आज लैंसडाउन विधानसभा के लैंसडाउन नगर में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तराखंड को बेरोज़गारी, पलायन, महंगाई और भ्रष्टाचार की ओर धकेल दिया है। अग्निवीर योजना ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है, जबकि शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब परिवर्तन चाहती है और कांग्रेस का संकल्प पत्र उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य का रोडमैप है।
पूर्व मंत्री सूरवीर सिंह सजवाण ने कहा कि उत्तराखंड की जनता भाजपा की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त है। परिवर्तन संकल्प यात्रा प्रदेश में बदलाव की नई उम्मीद लेकर आई है और कांग्रेस जनता के हर मुद्दे पर मजबूती से संघर्ष करेगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि कांग्रेस संगठन गांव-गांव तक जनता की आवाज़ पहुँचा रहा है। परिवर्तन संकल्प यात्रा प्रदेश में जनविश्वास का अभियान बन चुकी है और आगामी चुनाव में जनता इसका जवाब मतदान के माध्यम से देगी।
जिला कांग्रेस कमेटी, कोटद्वार के अध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि लैंसडाउन विधानसभा में आए दिन ग्रामीणों पर हमले हो रहे हैं और कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, लेकिन सरकार प्रभावी कदम उठाने में पूरी तरह विफल रही है। युवाओं, महिलाओं और किसानों की समस्याओं को भाजपा सरकार ने लगातार नजरअंदाज किया है। कांग्रेस रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ संघर्ष करती रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान “परिवर्तन संकल्प पत्र” का भी लोकार्पण किया गया। संकल्प पत्र में महिलाओं की सुरक्षा, अंकिता भंडारी को न्याय, युवाओं को रोजगार, अग्निवीर योजना की समीक्षा, पुरानी पेंशन बहाली, शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, पलायन रोकने, जल-जंगल-जमीन की रक्षा, भ्रष्टाचार पर अंकुश तथा उत्तराखंड के समग्र विकास के प्रमुख संकल्पों को जनता के समक्ष रखा गया।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी, कोटद्वार के जिला अध्यक्ष श्री विकास नेगी ,वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदेश कांग्रेस धीरेंद्र प्रताप, प्रदेश महासचिव रघुवीर बिष्ट, प्रदेश अध्यक्ष (सैन्य प्रकोष्ठ) रामरतन सिंह नेगी, जिला अध्यक्ष महिला कांग्रेस रश्मि पट्टवाल, ब्लॉक अध्यक्ष विक्रांत खंतवाल, रवींद्र नेगी, सुरेंद्र बिष्ट, नगर अध्यक्ष रौशन शाह, जिला अध्यक्ष (सैन्य प्रकोष्ठ) धीरेंद्र बिष्ट, वरिष्ठ कांग्रेस नेता गंभीर रावत, लक्ष्मण रावत, रूपेंद्र नेगी सहित सैकड़ों कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।