वीरांगना तीलू रौतेली की जयंती पर विशेष डाक टिकट हुआ जारी
एनसीपी न्यूज़। कोटद्वार। तीलू रौतेली जयंती के अवसर पर शनिवार को कोटद्वार के तीलू रौतेली चौक स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर श्रद्धा एवं सम्मान के साथ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी एवं कोटद्वार की प्रथम महापौर श्रीमती हेमलता नेगी ने पहुंचकर वीरांगना तीलू रौतेली की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
*कार्यक्रम का आयोजन वीरबाला तीलू रौतेली विचार मंच द्वारा किया गया*। इस ऐतिहासिक अवसर पर मंच की ओर से वीरांगना तीलू रौतेली की स्मृति एवं उनके अद्वितीय शौर्य को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से *विशेष डाक टिकट भी जारी किया गया*, जिसे समारोह का विशेष आकर्षण माना गया।
*इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने वीरांगना तीलू रौतेली को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा* कि तीलू रौतेली जी का जीवन उत्तराखंड की वीर परंपरा, नारी शक्ति और मातृभूमि के प्रति समर्पण का अद्वितीय प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कम उम्र में अपने परिवार और अपनों को खोने के बाद जिस साहस के साथ तीलू रौतेली ने परिस्थितियों का सामना किया, वह आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि तीलू रौतेली ने यह सिद्ध किया कि साहस और दृढ़ संकल्प के सामने बड़ी से बड़ी चुनौती भी छोटी पड़ जाती है। श्री नेगी जी ने कहा कि आज आवश्यकता है कि उत्तराखंड की नई पीढ़ी को अपनी महान ऐतिहासिक विरासत से जोड़ा जाए और तीलू रौतेली जैसी वीरांगनाओं की गाथा केवल समारोहों तक सीमित न रहकर विद्यालयों, युवाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।