कालागढ़ मंडल के एक दिवसीय भ्रमण पर पहुंचीं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण, तिरंगा यात्रा में किया प्रतिभाग
एनसीपी न्यूज़। कालागढ़/ कोटद्वार। विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं विधायक कोटद्वार ऋतु खण्डूडी भूषण ने गुरुवार को कोटद्वार विधानसभा के कालागढ़ मंडल का एक दिवसीय भ्रमण किया। कालागढ़ पहुंचने पर क्षेत्रवासियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विधानसभा अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया।

कालागढ़ पहुंचने पर विधानसभा अध्यक्ष ने वन्यजीव प्रशिक्षण केंद्र का भी भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने वहां हाथी को केला खिलाया तथा वन्यजीवों के संरक्षण एवं देखभाल से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि वन्यजीव और वन क्षेत्र हमारी प्राकृतिक धरोहर हैं, जिनका संरक्षण पर्यावरणीय संतुलन के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इसके पश्चात विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं क्षेत्रवासियों के साथ रामगंगा भवन, कालागढ़ से रामलीला मैदान, कालागढ़ तक आयोजित तिरंगा यात्रा में प्रतिभाग किया। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक यात्रा में भाग लिया। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया तथा भारत माता की जय के नारों से वातावरण गूंज उठा।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के लिए इस प्रकार के आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इसके पश्चात मनोरंजन केंद्र, कालागढ़ में महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में क्षेत्र की 60 से अधिक महिलाओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मातृशक्ति समाज की आधारशिला है। महिलाएं परिवार के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, राजनीति, खेल, स्वरोजगार सहित प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं। महिलाओं का सम्मान और सशक्तीकरण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
महिला सम्मान समारोह के दौरान कीर्तन मंडलियों एवं मंदिर समिति को कीर्तन से संबंधित आवश्यक सामग्री प्रदान कर सम्मानित किया गया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं हमारी पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। कीर्तन एवं धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में आध्यात्मिकता, संस्कार, आपसी भाईचारे और सद्भाव की भावना को बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने क्षेत्रवासियों से संवाद भी किया तथा कालागढ़ क्षेत्र से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।
कार्यक्रम का संचालन दीपक मंडोला ने किया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मीनाक्षी चौधरी, विधायक प्रतिनिधि योगेश कुमार, युवा मोर्चा अध्यक्ष मयंक सिंह, जगदीश, कोमल सिंह, अंजु पाल, अनीता सैनी, पूर्व विधायक प्रतिनिधि शंकर सिंघल, राम कुमार, राकेश कटारिया, सुरेंद्र सिंह, मयंक माहेश्वरी, दीपक नेगी, पवन यादव, रामशरण, विक्रम सिंह, राजबाला सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, महिला समूहों की सदस्याएं, मंदिर समिति एवं कीर्तन मंडलियों के सदस्य तथा क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
विधानसभा अध्यक्ष के कालागढ़ मंडल के एक दिवसीय भ्रमण के दौरान क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का संदेश दिया गया, वहीं महिला सम्मान समारोह के माध्यम से मातृशक्ति के योगदान को सम्मानित किया गया। साथ ही वन्यजीव प्रशिक्षण केंद्र के भ्रमण के दौरान वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।