लैंसडाउन वन प्रभाग क्षेत्र को ईको टूरिज्म के रूप में विकसित करने का होगा प्रयास – डीएफओ गौरव वर्मा
एनसीपी न्यूज़। कोटद्वार। लैंसडाउन वन प्रभाग के नवनियुक्त प्रभागीय वनाधिकारी गौरव वर्मा ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता प्रभाग के आस पास के क्षेत्र को ईको टूरिज्म के रूप में विकसित करना होगा। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिलने के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जा सकता है। कहा कि किसी भी योजना के सफल कार्यन्वयन के लिए स्थानीय लोगों का समन्वय व सहयोग आवश्यक है जिसके लिये विभाग स्थानीय लोगों के साथ संवाद स्थापित करेगा।

प्रभाग के अंतर्गत आने वाले विभिन्न पार्कों के सौंदर्यीकरण के संबंध में उन्होंने एनसीपी न्यूज को बताया कि जल्द ही लालपानी स्थित श्री सिद्धबली गंगा वाटिका के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। इसके अलावा नगर वन के सौंदर्यीकरण को भी विकसित किया जाएगा। बढ़ती मानव- वन्य जीव संघर्ष की घटानाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए त्वरित कार्य बल (Quick response team) (QRT) का गठन किया गया है जिससे किसी भी अनहोनी को रोका जा सके। कोटद्वार-दुगड्डा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हाथियों की बढ़ती गतिविधियों पर उन्होंने राहगीरों से अपील की कि वह उनके मूवमेंट के दौरान अनावश्यक शोर व हार्न बजाने से बचें। क्षेत्र में बांस के पेड़ों की अधिकता को देखते हुए उन्होंने बताया कि विभाग का प्रयास रहेगा कि वह लोगों को इससे बनने वाले प्रोडक्ट के बारे में जागरूक करेंगे जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सके। अवैध खनन को लेकर उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा अवैध खनन को रोकने के लिए एसओजी टीम का गठन किया गया है जो भी टैक्टर ट्रॉली अवैध खनन करते हुए पायी जाएगी उनके खिलाफ भारी जुर्माना लगाते हुए कठोर कार्यवाई की जायेगी।