कोटद्वार-भाबर समेत सभी क्षेत्रों में गैस रिफिल बुकिंग की सुविधा अब 25 दिन में

कोटद्वार-भाबर समेत सभी क्षेत्रों में गैस रिफिल बुकिंग की सुविधा अब 25 दिन में

एनसीपी न्यूज़। देहरादून/ कोटद्वार। घरेलू गैस रिफिल बुकिंग को लेकर कोटद्वार-भाबर क्षेत्र के उपभोक्ताओं को आ रही परेशानियों का समाधान हो गया है। भारत सरकार द्वारा गैस रिफिल बुकिंग की अवधि को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है, जिसके तहत अब कोटद्वार-भाबर समेत सभी क्षेत्रों में घरेलू गैस सिलेंडर की रिफिल बुकिंग 25 दिन के अंतराल पर की जा सकेगी।

गौरतलब है कि ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में गैस रिफिल बुकिंग की अवधि क्रमशः 45 दिन और 25 दिन निर्धारित थी। इस व्यवस्था के कारण, हाल के दिनों में देश और प्रदेश में घरेलू गैस की आपूर्ति को लेकर फैली अफ़वाहों के बीच उपभोक्ताओं में गैस सिलेंडर की बुकिंग को लेकर असमंजस और जल्दबाजी की स्थिति उत्पन्न हुई। इसका असर कोटद्वार पर भी पड़ा।

विशेष रूप से कोटद्वार-भाबर के ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन की बुकिंग अवधि लागू होने के कारण उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। आमजन की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार पत्राचार एवं संवाद किया। उन्होंने इस विषय को सांसद अनिल बलूनी, प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से उठाते हुए कोटद्वार-भाबर के उपभोक्ताओं को नगरीय क्षेत्रों के समान 25 दिन में गैस रिफिल बुकिंग की सुविधा देने का आग्रह किया।

इन प्रयासों के फलस्वरूप अब भारत सरकार द्वारा गैस रिफिल बुकिंग की अवधि को 25 दिन किए जाने का निर्णय लिया गया है, जिससे कोटद्वार-भाबर सहित सभी क्षेत्रों के घरेलू गैस उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।

इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सांसद अनिल बलूनी तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि कोटद्वार-भाबर की जनता को गैस बुकिंग में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों को देखते हुए लगातार संबंधित स्तरों पर प्रयास किए गए और अब केंद्र सरकार के इस निर्णय से आम उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी।

Ravikant Duklan (MA. MassCom )

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *