बालागंज–लूथापुर को मिली 2.47 किलोमीटर सड़क की सौगात
एनसीपी न्यूज़। कोटद्वार। विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं विधायक कोटद्वार ऋतु खण्डूडी भूषण ने कोटद्वार विधानसभा के वार्ड नं० 33 बालागंज–लूथापुर में क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी सड़क निर्माण की मांग को पूरा करते हुए 2.47 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य का क्षेत्रवासियों के साथ विधिवत शिलान्यास किया।
लंबे समय से क्षेत्रवासी बेहतर सड़क सुविधा की मांग कर रहे थे। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग अब धरातल पर साकार होने जा रही है। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ ही स्थानीय नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक सड़क सुविधा उपलब्ध होगी।
विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र का समग्र एवं संतुलित विकास उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र के प्रत्येक हिस्से में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। सड़क, पेयजल, विद्युत, जल निकासी एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को धरातल पर उतारा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क सुविधा किसी भी क्षेत्र के विकास की महत्वपूर्ण आधारभूत आवश्यकता है। सड़क निर्माण से स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों तथा अन्य लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।
विधानसभा अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मण्डल अध्यक्ष आशीष रावत, अधिशासी अभियंता निर्भय सिंह, पार्षद राजेंद्र बिष्ट, पार्षद जे.पी. बहुखंडी, पार्षद मनीष नैथानी, पार्षद प्रमोद केष्टवाल, मनीष भट्ट, पूरन खुलबे, विवेक भारती, सिमरन बिष्ट, राजीव डबराल, अर्चना गौड़, सरोज बाला एवं ज्योति जखमोला सहित क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
क्षेत्रवासियों ने वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सड़क निर्माण कार्य के लिए विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक कोटद्वार ऋतु खण्डूडी भूषण का आभार व्यक्त किया।