उत्तराखंड को “पांचवी” अनुसूची के तहत मिले “ट्राइबल” दर्जा, युवाओं को मिलेगा राज्य व केंद्र सरकार की भर्तियों में आरक्षित होने का लाभ- समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह रावत
एनसीपी न्यूज़। कोटद्वार/ लखनऊ। उत्तराखंड समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह रावत ने राज्य की विशेष भौगोलिक स्थिति को स्थिति को देखते हुए इसको “पांचवी” अनुसूची के तहत “ट्राइबल” दर्जा दिए जाने की मांग की है जिससे उत्तराखंड के नौजवानों को राज्य व केंद्र सरकार की भर्तियों में आरक्षित होने का लाभ मिल सके। 22 सितंबर 2026 को लखनऊ में आयोजित समाजवादी पार्टी उत्तराखंड के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक में बोलते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह रावत ने कहा कि समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव व अन्य सांसद लोकसभा में इस संबंध पर प्रस्ताव रखें कि उत्तराखंड की विशेष भौगोलिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक व आर्थिक परिस्थितियों को देखते हुए इसको “पांचवी” अनुसूची के तहत “ट्राइबल” दर्जा दिया जाए। इसके साथ ही उन्होंने मांग की कि 1994 में गठित कौशिक समिति की रिपोर्ट के आधार पर जिसमें गैरसैण को स्थाई राजधानी बनाए जाने के पक्ष में 59.64 प्रतिशत लोगों ने अपनी सहमति दी थी उसकी माँग भी संसद में उठाकर सरकार पर दबाव बनाया जाय कि वह उत्तराखंड की स्थाई राजधानी गैरसैण को घोषित करे। उत्तराखंड समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह रावत की माँग पर सहमति जताते हुए समाजवादी पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तराखंड उत्तर प्रदेश का छोटा भाई है जिसके साथ वर्तमान में भाजपा सरकार धोखा कर रही है। कहा कि यह अफसोस जनक है कि राज्य को बने हुए 25 वर्ष पूर्ण हो गए लेकिन अब तक यहां पलायन की समस्या का समाधान नही हो पाया है। बेरोजगारी अपने चरम पर है। राज्य के हक- हकूकों पर मूलनिवासियों के बदले बाहरी लोगों का कब्जा हो गया है। उन्होंने उत्तराखंड समाजवादी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह रावत व अन्य पदाधिकारी को आस्वस्त किया कि वह आने वाले सत्र में उत्तराखंड को “पांचवी” अनुसूची के तहत “ट्राइबल” दर्जा दिलाने की पुरजोर मांग करेंगे। साथ ही 1994 में बनी कौशिक समिति की रिपोर्ट द्वारा कराए गए सर्वे के आधार पर उत्तराखंड की स्थाई राजधानी गैरसैण को बनाने की भी मांग करेंगे। उक्त बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि समाजवादी पार्टी आने वाले विधानसभा चुनावों में मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी जिससे राज्य की जनता की समस्याओं का समाधान किया जा सके।