सेवा संकल्प अभियान के तहत विज्ञान एवं तकनीकी प्रदर्शनी, पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
एनसीपी न्यूज़। कोटद्वार। उत्तराखण्ड राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान, कोटद्वार में सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत विज्ञान एवं तकनीकी प्रदर्शनी, तकनीकी नवाचार प्रतियोगिता, पोस्टर प्रतियोगिता तथा निबंध प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तकनीकी कौशल, रचनात्मकता, नवाचार, सामाजिक सरोकार एवं अभिव्यक्ति क्षमता का विकास करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अमित नेगी, पार्षद, घमण्डपुर तथा विशिष्ट अतिथि संजीव चंद, निजी सलाहकार, विधायक, पौड़ी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के प्रधानाचार्य मुकेश बाबू द्वारा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा विज्ञान एवं तकनीकी प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा संरक्षण, स्वास्थ्य, कृषि, सुरक्षा, स्मार्ट तकनीक, IoT, रोबोटिक्स, AI तकनीक तथा अन्य समसामयिक विषयों पर आधारित विभिन्न कार्यशील मॉडल एवं प्रोटोटाइप प्रस्तुत किए।
मुख्य अतिथि अमित नेगी ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मॉडलों का अवलोकन करते हुए उनकी रचनात्मकता, तकनीकी दक्षता एवं नवाचार की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए समाज की वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए आगे आने हेतु प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि संजीव चंद, निजी सलाहकार, विधायक, पौड़ी ने भी विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की तथा कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नवाचार एवं व्यावहारिक कौशल के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता तथा निबंध प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि अमित नेगी एवं विशिष्ट अतिथि संजीव चंद द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विजेता विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी ऐसी प्रतियोगिताओं में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
संस्थान के प्रधानाचार्य मुकेश बाबू ने अपने संबोधन में कहा कि संस्थान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, नवाचार, तकनीकी दक्षता तथा समाजोपयोगी परियोजनाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, विजेताओं, निर्णायकों एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों को शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को Learning by Doing, Innovation, Technology और Social Responsibility की भावना से जोड़ने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ किया गया। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत आयोजित यह कार्यक्रम “समाज की सेवा, बेहतर कल की दिशा” के उद्देश्य को सार्थक करने वाला रहा।