कांग्रेसियों ने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री को जयंती पर किया याद

कांग्रेसियों ने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री को जयंती पर किया याद

एनसीपी न्यूज़। कोटद्वार/ दुगड्डा। महात्मा गांधी  एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय दुगड्डा में श्रद्धांजलि एवं स्मरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विकास नेगी ने महात्मा गांधी  एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि महात्मा गांधी ने देश को सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, स्वावलंबन और अंतिम व्यक्ति तक न्याय का मार्ग दिखाया। आज के समय में गांधी के विचार और अधिक प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनसेवा, सत्य और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देना ही गांधी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने अपने सरल, सादगीपूर्ण एवं ईमानदार जीवन से देश के सामने राष्ट्रसेवा का आदर्श प्रस्तुत किया। उनका दिया हुआ “जय जवान, जय किसान” का नारा आज भी उतना ही महत्वपूर्ण है। देश की सीमाओं की रक्षा करने वाला जवान और देश का पेट भरने वाला किसान राष्ट्र की शक्ति हैं। आज आवश्यकता है कि किसानों की समस्याओं, युवाओं के रोजगार तथा गांवों के विकास को प्राथमिकता दी जाए।

विकास नेगी ने कहा कि आज के दिन हमें केवल महापुरुषों को याद करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनके विचारों को अपने जीवन और सार्वजनिक कार्यों में उतारने का संकल्प लेना चाहिए। सत्य, अहिंसा, भाईचारा, सामाजिक न्याय और जनसेवा के मूल्यों को मजबूत करना ही इन महान विभूतियों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद डबराल, नगर अध्यक्ष नितेश ठाकुर, पूर्व नगर अध्यक्ष हरेंद्र रावत, जिला महासचिव राकेश रावत, भुवनेश खरकवाल सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी कांग्रेसजनों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Ravikant Duklan (MA. MassCom )

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *