“लोकतंत्र बचाओ, देश बचाओ, वोट बचाओ, देश बचाओ” के नारों के साथ 8 अक्टूबर तक कांग्रेस चलाएगी जनजागरण अभियान – विकास नेगी

“लोकतंत्र बचाओ, देश बचाओ, वोट बचाओ, देश बचाओ” के नारों के साथ 8 अक्टूबर तक कांग्रेस चलाएगी जनजागरण अभियान – विकास नेगी

एनसीपी न्यूज़। कोटद्वार। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी कार्यालय कोटद्वार में पत्रकारों को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि कांग्रेस द्वारा पूरे जिले में “लोकतंत्र बचाओ, देश बचाओ, वोट बचाओ, देश बचाओ” के नारों के साथ जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर से इस अभियान की शुरुआत हो चुकी है और 8 अक्टूबर तक एक सप्ताह के दौरान जिले की विभिन्न विधानसभाओं में मार्च एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

विकास नेगी ने कहा कि आज देश में मतदाता के अधिकार और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। SIR को लेकर विपक्षी दलों और अन्य समूहों ने निर्वाचन प्रक्रिया तथा मतदाता सूची में नामों के संबंध में आपत्तियां उठाई हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई और उन्हें पद से हटाए जाने ,मुकदमा चलाने, गिरफ्तारी की मांग कर रही है। विकास नेगी ने कहा कि कांग्रेस का आरोप है कि SIR की प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम प्रभावित हुए हैं और इससे मताधिकार को लेकर चिंताएं पैदा हुई हैं। कांग्रेस इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग करती है।

शैलेंद्र रावत को विकास नेगी का जवाब

नगर निगम कोटद्वार के मेयर शैलेंद्र रावत के कांग्रेस को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विकास नेगी ने कहा कि “शैलेंद्र रावत कांग्रेस की चिंता न करें। वह अपने नगर निगम क्षेत्र और वहां की जनता की चिंता करें।”

उन्होंने कहा कि कोटद्वार में नगर निगम में भ्रष्टाचार, सड़कों, यातायात व्यवस्था, कूड़ा प्रबंधन, नालियों, जल निकासी और जलभराव सहित कई जनसमस्याएं हैं। मेयर को इन समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए। विकास नेगी ने कहा कि “कांग्रेस की चिंता करने के लिए कांग्रेस के पास मजबूत कार्यकर्ता, मजबूत संगठन, मजबूत विचारधारा और मजबूत नेतृत्व मौजूद है।”

उन्होंने कहा कि जिले की प्रत्येक विधानसभा में कांग्रेस के ऐसे मजबूत कार्यकर्ता और नेता मौजूद हैं, जो वर्षों से कांग्रेस की विचारधारा के साथ जनता के बीच काम कर रहे हैं। “कांग्रेस अपने संगठन और कार्यकर्ताओं के दम पर जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।”

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष विकास नेगी, विमल बिष्ट, जिला महासचिव राजीव कपूर,महानगर उपाध्यक्ष,प्रदेश महासचिव सोशल मीडिया नीरज बहुगुणा सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Ravikant Duklan (MA. MassCom )

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *