पुलिण्डा की पेयजल योजना से हटों व होटलों को पानी का कनेक्शन दिये जाने पर भड़के पुलिण्डा व गौजेटा के ग्रामीण
एनसीपी न्यूज़। कोटद्वार। दुगड्डा ब्लॉक की ग्राम सभा पुलिण्डा के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान दीपक सिंह नेगी के नेतृत्व में निर्माण शाखा उत्तराखण्ड पेयजल निगम कोटद्वार को ज्ञापन सौंपकर पुलिण्डा पेयजल योजना से बाहरी लोगों द्वारा बनाये गये हट एवं होटलों को पानी की आपूर्ति किये जाने पर रोष व्यक्त किया है। ग्रामीणों ने ज्ञापन देते हुए कहा कि ग्राम सभा पुलिण्डा पेयजल योजना में पर्याप्त पानी न होने के कारण ग्रामवासियों को बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रीष्मकाल में स्रोतों का पानी अत्यधिक कम हो जाता है। ग्राम पुलिण्डा और गौजेटा में जल आपूर्ति सही ढंग से नहीं हो पाती है।

ऐसे में ग्राम पुलिण्डा में कुछ लोगों के द्वारा भूमि क्रय कर हट एवं होटल बना दिये गये है और कुछ को आवासीय भवन दिखाया गया है जिनकी संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। जिससे इन लोगों द्वारा पुलिण्डा पेयजल योजना से पानी की आपूर्ति की माँग की जा रही है, जिसका सीधा असर ग्राम पुलिण्डा एवं गौजेटा के मूल निवासियों पर पड़ना तय है। कहा कि पहले ही इस पेयजल योजना से जल आपूर्ति ठीक ढंग से नहीं हो पाती है, ग्राम में बारी-बारी में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था करनी पड़ती है। कहा कि विभाग वर्तमान वर्षा ऋतु के पानी को ग्रीष्मकाल से जोड़कर देख रहा है। पानी के स्रोतों का निरीक्षण मानकों के आधार पर नहीं किया जा रहा है। ग्रीष्मऋतु में पानी की मात्रा लगभग एक चौथाई से कम रह जाती है। स्रोत सूखने की कगार पर है। ऐसे में नये निवासरित व्यक्तियों को पानी की आपूर्ति हेतु विभाग एक नया प्रस्ताव बनाकर शासन-प्रशासन को भेजे जिसमें यदि नयी योजनाओं के लिए विभाग प्रस्ताव मांगता है तो ग्रामवासी प्रस्ताव देने के लिए तैयार है।

वहीं पूरे मामले पर निर्माण शाखा उत्तराखण्ड पेयजल निगम दुगड्डा के सहायक अभियंता विनोद कुमार का कहना है कि जिस प्रकरण पर ग्रामीण आपत्ति जता रहे हैं वह आवासीय भूमि है जिसके अभिलेख विभाग के पास मौजूद हैं। विभाग द्वारा किसी भी हट या होटल को उक्त पेयजल योजना से कनेक्शन नही दिए जा रहे हैं।