कोटद्वार की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने शुरु किया सत्याग्रह

एनसीपी न्यूज़। कोटद्वार। कांग्रेस के पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने शुक्रवार को तय कार्यक्रम के तहत कोटद्वार की विभिन्न समस्याओं को लेकर तहसील प्रांगण में सत्याग्रह शुरू किया। सत्याग्रह की शुरुआत झंड़ाचौक से शुरू होकर रैली के रूप में हुई जो तहसील प्रांगण में नारों के साथ पहुँची। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान में स्मार्ट मीटरों से आए बिजली बिलों में भारी–भरकम वृद्धि से जनता त्रस्त है। A.D.B. द्वारा पानी की पाइपलाइन डालने के बाद शहर की सड़कें और गलियाँ पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएँ हो रही हैं। राशन कार्ड सत्यापन की जटिल प्रक्रियाएँ गरीब और आम जनता को भारी परेशानी दे रही हैं। नगर निगम, कण्व नगरी कोटद्वार द्वारा आवासीय भवनों पर थोपे जा रहे अनुचित कर जनता पर बोझ डाल रहे हैं। लगातार विद्युत कटौती से हर घर और हर व्यवसाय प्रभावित है। जंगली जानवरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। बेस अस्पताल, कोटद्वार में डॉक्टरों व अन्य स्टाफ की भारी कमी से जनता को स्वास्थ्य सेवाएँ नहीं मिल पा रही हैं।
सड़कें और गालियाँ बदहाल होकर आम जीवन को कठिन बना रही हैं।
पूर्व में स्वीकृत मेडिकल कॉलेज, कण्वाश्रम का विकास, टाइगर सफारी तथा लालढांग–चिल्लरखाल मोटर मार्ग जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट, जिनकी वित्तीय स्वीकृति हमारे कार्यकाल में दिलवा दी गई थी और कार्य भी प्रारंभ हो चुके थे — आज अधर में लटके हुए हैं। इन योजनाओं से हजारों युवाओं को रोज़गार मिल सकता था। कहा कि यह सब वे मुद्दे हैं जो सीधे जनता के जीवन से जुड़े हैं और इनकी उपेक्षा अब बर्दाश्त नहीं की जा सकती।





