कोटद्वार में प्रतिवर्ष 31 जनवरी को आयोजित हो ‘सनेह बर्ड फेस्टिवल’- विधानसभा अध्यक्ष

कोटद्वार में प्रतिवर्ष 31 जनवरी को आयोजित हो ‘सनेह बर्ड फेस्टिवल’- विधानसभा अध्यक्ष

एनसीपी न्यूज़। कोटद्वार। गत दिनों कोटद्वार में आयोजित सनेह बर्ड फेस्टिवल के अवसर पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक श्रीमती ऋतु खण्डूडी भूषण ने मंच से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष एक महत्वपूर्ण एवं दूरदर्शी प्रस्ताव रखा था। उन्होंने आग्रह किया था कि सनेह बर्ड फेस्टिवल का आयोजन प्रत्येक वर्ष 31 जनवरी को नियमित रूप से सुनिश्चित किया जाए, ताकि यह कार्यक्रम एक स्थायी वार्षिक उत्सव के रूप में अपनी पहचान बना सके।

विधानसभा अध्यक्ष ने सुझाव दिया कि इस बर्ड फेस्टिवल को उत्तराखंड सरकार के वन विभाग एवं पर्यटन विभाग के आधिकारिक वार्षिक कैलेंडर में सम्मिलित किया जाए। इससे न केवल देश-विदेश के पक्षी प्रेमियों, प्रकृति शोधकर्ताओं एवं पर्यटकों को इस तिथि के लिए पूर्व नियोजन का अवसर मिलेगा, बल्कि कोटद्वार को एक विशिष्ट बर्ड टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित किया जा सकेगा।

श्रीमती ऋतु खण्डूडी भूषण ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जानकारी दी कि इस विषय में आज जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क के निदेशक  साकेत बडोला तथा प्रभागीय वनाधिकारी, लैंसडौन जीवन मोहन दगारे के साथ सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई है। इस बैठक में सनेह बर्ड फेस्टिवल को और अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनी।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सनेह बर्ड फेस्टिवल के लिए एक समर्पित आधिकारिक वेबसाइट, कार्यक्रम का आधिकारिक लोगो, पर्यटकों एवं पक्षी प्रेमियों की सुविधा हेतु वॉच-टावर, दूरबीन, सूचना पटल तथा आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इसके साथ ही आयोजन के प्रचार-प्रसार को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाने की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाएंगे।

विधानसभा अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि इन सभी प्रस्तावों को लेकर शीघ्र ही एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर अमल में लाया जाए, जिससे आगामी वर्षों में यह उत्सव और अधिक भव्य एवं संगठित रूप में आयोजित हो सके।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार, वन विभाग एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त प्रयासों से सनेह बर्ड फेस्टिवल को व्यापक स्वरूप प्रदान किया जाएगा। इससे न केवल पक्षी प्रेमियों, पर्यावरणविदों एवं पर्यटकों को आकर्षित किया जा सकेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे तथा पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता के प्रति जन-जागरूकता को भी बल मिलेगा।

श्रीमती ऋतु खण्डूडी भूषण ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में प्रत्येक वर्ष 31 जनवरी को कोटद्वार में सनेह बर्ड फेस्टिवल का आयोजन भव्य स्तर पर होगा और यह उत्सव उत्तराखंड की प्रमुख पर्यावरणीय एवं पर्यटन गतिविधियों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा।

Ravikant Duklan (MA. MassCom )

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *