राजकीय पॉलिटेक्निक कोटद्वार में स्किल वीक के अंतर्गत साइबर सिक्योरिटी एवं एथिकल हैकिंग की दी गयी जानकारी

एनसीपी न्यूज़। कोटद्वार। उत्तराखण्ड राजकीय पॉलिटेक्निक, कोटद्वार में स्किल वीक के अंतर्गत साइबर सिक्योरिटी एवं एथिकल हैकिंग तथा Entrepreneurship & Startup Bootcamp Awareness विषयों पर दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्रों को आधुनिक तकनीकी सुरक्षा, स्टार्टअप एवं स्वरोजगार के प्रति जागरूक करना था।

साइबर सिक्योरिटी एवं एथिकल हैकिंग विषय पर आयोजित व्याख्यान में मुख्य वक्ता डॉ. आर. डी. उस्मानी (निदेशक, आईआईटी एंड एंटरप्रेन्योर डेवलपमेंट, बिजनौर), मयंक पांडे (जूनियर साइंटिफिक ऑफिसर) एवं हर्षित (फैकल्टी, ESTC रामनगर) ने छात्रों को साइबर अपराधों के प्रकार, डेटा सुरक्षा, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, मजबूत पासवर्ड के महत्व तथा एथिकल हैकिंग में करियर की संभावनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस कार्यक्रम में कुल 135 छात्रों ने प्रतिभाग किया।
इसी क्रम में Entrepreneurship & Startup Bootcamp Awareness कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें डॉ. आर. डी. उस्मानी, सतीश चन्द्र कांडपाल एवं कार्तिक एस. एन. ने छात्रों को उद्यमिता के महत्व, स्टार्टअप शुरू करने की प्रक्रिया, सरकारी योजनाओं, वित्तीय सहायता एवं स्वरोजगार के अवसरों के बारे में जानकारी प्रदान की। इस कार्यक्रम में 137 छात्रों ने सहभागिता की और स्टार्टअप से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे।
दोनों कार्यक्रमों में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रमों का संचालन सुदर्शन छाबा एवं भारत पाल सिंह द्वारा किया गया। संस्थान के प्रधानाचार्य ओम शंकर सिंह ने इन कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों के तकनीकी एवं व्यावसायिक विकास में सहायक सिद्ध होते हैं और भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।





