2017 से पहले कांग्रेस सरकार में स्थानीय लोगों और ठेकेदारों को दी जाती थी प्राथमिकता -पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी
एनसीपी न्यूज़। कोटद्वार। कांग्रेस के पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने वर्तमान भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार पर जमकर आरोपों की बौछार की। एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में स्थानीय मुद्दों पर उन्होंने कहा कि कोटद्वार में निर्माण कार्यों में स्थानीय ठेकेदारों की लगातार उपेक्षा की जा रही है और बाहर के ठेकेदारों को काम दिए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं*। उन्होंने कहा कि स्थानीय ठेकेदारों के पास पर्याप्त क्षमता और अनुभव होने के बावजूद यदि उन्हें काम नहीं मिलेगा तो स्थानीय स्तर पर रोजगार कैसे बढ़ेगा।
*उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्थानीय लोगों और ठेकेदारों को प्राथमिकता देने की दिशा में काम किया गया था*। उन्होंने नगर निगम कोटद्वार के महापौर से भी कहा कि स्थानीय निर्माण कार्यों में स्थानीय ठेकेदारों को उचित अवसर दिलाने की दिशा में प्रभावी पहल की जाए। नेगी ने मुक्तिधाम के समीप हाल ही में गिरी सुरक्षा दीवार को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए*। *उन्होंने कहा कि नदी का पानी सीधे दीवार से टकराए बिना केवल बहाव के प्रभाव से दीवार का गिर जाना निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है*। उन्होंने मांग की कि जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि दीवार कब बनी, किस एजेंसी अथवा ठेकेदार ने इसका निर्माण किया और निर्माण में किन मानकों का पालन किया गया।
*उन्होंने ग्रास्टनगंज क्षेत्र में वर्ष 2023 से उठाई जा रही सुरक्षा दीवार की समस्या* का भी उल्लेख करते हुए कहा कि लंबे समय से संवेदनशील क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक पर्याप्त कार्रवाई नहीं हुई है। नेगी ने कोटद्वार में एडीबी के माध्यम से बनाई गई सड़कों की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हैं और समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि विकास कार्य केवल कागजों में नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देने चाहिए और सरकार को जनता के पैसे से हुए कार्यों की गुणवत्ता एवं रखरखाव की जिम्मेदारी तय करनी चाहिए। नेगी ने लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया*। उन्होंने कहा कि जिस परियोजना को कांग्रेस सरकार के समय आगे बढ़ाया गया था, वह आज भी अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ पाई है। उन्होंने कहा कि पहले स्वीकृति और कार्य प्रारंभ होने के बावजूद बाद में ऐसी परिस्थितियां बनीं कि मामला न्यायालय तक पहुंच गया। उन्होंने इसे सरकार की विफलता बताते हुए कहा कि अब सरकार को इस महत्वपूर्ण मार्ग के निर्माण को लेकर स्पष्ट समयबद्ध कार्ययोजना जनता के सामने रखनी चाहिए। *प्रेस वार्ता के अंत में नेगी ने चल रही मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया* को लेकर भी प्रशासन से सतर्कता बरतने की अपील की। *उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं इस प्रक्रिया में जुटे कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना* करते हुए कहा कि यदि कहीं त्रुटि की संभावना है तो उसे समय रहते दूर किया जाना चाहिए। उन्होंने जिलाधिकारी एवं उपजिलाधिकारी सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि *पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से हो और किसी भी प्रकार के राजनीतिक दबाव में आकर किसी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न हटे*। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मतदान के अधिकार से वंचित नहीं होना चाहिए। श्री सुरेन्द्र सिंह नेगी जी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि महंगाई हो, बेरोजगारी हो, भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता हो या कोटद्वार के विकास से जुड़े स्थानीय सवाल—सरकार को जनता के सामने जवाब देना ही होगा। इस अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी कोटद्वार की अध्यक्ष मीना बछुवाण, महिला कांग्रेस महानगर अध्यक्ष सुधा असवाल,कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीन रावत, प्रदेश सचिव गणेश नेगी,पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ चंद्रमोहन खर्कवाल, पूर्व राज्य मंत्री विजय नारायण, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह बिष्ट,पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष बृजपाल सिंह नेगी, कृपाल सिंह नेगी, दान सिंह रावत,देवेंद्र सिंह नेगी, दिनेश रावत, नंदन सिंह रावत, कार्यालय सचिव राजीव कपूर, उपेंद्र सिंह नेगी, पूर्व जिला अध्यक्ष यूथ कांग्रेस अमित राज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जन मौजूद रहे।