ऋतु खण्डूडी भूषण ने दिल्ली में की उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी राम माधव से मुलाकात

ऋतु खण्डूडी भूषण ने दिल्ली में की उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी राम माधव से मुलाकात

एनसीपी न्यूज़। नई दिल्ली/ देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक श्रीमती ऋतु खण्डूडी भूषण ने आज नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव से शिष्टाचार भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने राम माधव को उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी नियुक्त होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

इस आत्मीय भेंट के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक लोककलाओं, गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत, धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं तथा प्रदेश के अद्वितीय प्राकृतिक वैभव से उन्हें अवगत कराया। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, प्राचीन इतिहास, लोकजीवन और समृद्ध जैव विविधता के लिए विशेष स्थान रखता है। प्रदेश की इन विशिष्टताओं का संरक्षण, संवर्धन और व्यापक प्रचार-प्रसार आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खण्डूडी भूषण ने  राम माधव को उत्तराखंड की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक विरासत को दर्शाने वाली तीन महत्वपूर्ण पुस्तकें भेंट कीं। इनमें ‘कण्वाश्रम–भरत से भारतवर्ष’, ‘Vibrant Birds of Kotdwar’ तथा उत्तराखंड की प्रसिद्ध पारंपरिक लोकनाट्य कला ‘रम्माण’ पर आधारित पुस्तक शामिल रही।

विधानसभा अध्यक्ष ने कोटद्वार की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को रेखांकित करने वाली पुस्तक ‘कण्वाश्रम–भरत से भारतवर्ष’ भेंट करते हुए कण्वाश्रम के ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व तथा भारतवर्ष की सांस्कृतिक चेतना से जुड़े इसके संदर्भों को साझा किया। यह पुस्तक हाल ही में कला एवं कॉफी टेबल बुक श्रेणी में देशभर में प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर चुकी है। यह उपलब्धि कोटद्वार की ऐतिहासिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में उल्लेखनीय है।

इसके साथ ही उन्होंने ‘Vibrant Birds of Kotdwar’ पुस्तक भेंट की, जो कोटद्वार क्षेत्र की समृद्ध पक्षी संपदा, जैव विविधता और प्राकृतिक सौंदर्य को प्रदर्शित करती है। इस पुस्तक के माध्यम से क्षेत्र की विशिष्ट प्राकृतिक धरोहर और पर्यावरणीय महत्व को सामने लाने का प्रयास किया गया है। विधानसभा अध्यक्ष ने उत्तराखंड की विश्वविख्यात लोकनाट्य परंपरा ‘रम्माण’ पर आधारित पुस्तक भी भेंट की, जिसके माध्यम से प्रदेश की पारंपरिक लोककलाओं, लोकविश्वासों और सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों की विशिष्टता को साझा किया गया।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल उसके प्राकृतिक सौंदर्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की समृद्ध लोकपरंपराएं, ऐतिहासिक स्थल, पारंपरिक कलाएं और सांस्कृतिक विरासत भी प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि कोटद्वार क्षेत्र ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। कण्वाश्रम जैसी ऐतिहासिक धरोहर, क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता तथा उत्तराखंड की लोककलाएं प्रदेशटी की विविधतापूर्ण विरासत को प्रदर्शित करती हैं। इनसे संबंधित साहित्य एवं प्रकाशनों के माध्यम से उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान को व्यापक स्तर पर साझा करने का अवसर मिलता है। भेंट के दौरान कोटद्वार एवं उत्तराखंड प्रदेश से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर भी चर्चा हुई।

इसके पश्चात विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक श्रीमती ऋतु खण्डूडी भूषण ने राज्यसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी  तरुण चुग से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा हुई।

Ravikant Duklan (MA. MassCom )

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *