राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान कोटद्वार में तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ
एनसीपी न्यूज़। कोटद्वार। उत्तराखण्ड राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान, कोटद्वार में तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ आकर्षक मार्च पास्ट एवं अतिथियों को सलामी देने के साथ हुआ। इसके उपरांत मुख्य अतिथि कोटद्वार महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत द्वारा मशाल प्रज्वलित कर खेल प्रतियोगिताओं का विधिवत आगाज किया गया। इस अवसर पर संस्थान के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए खेल भावना, अनुशासन एवं एकजुटता का परिचय दिया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में वार्ड संख्या 29, घमंडपुर के पार्षद अमित नेगी एवं पौड़ी विधायक के निजी सलाहकार संजीव चन्द्र उपस्थित रहे। संस्थान के प्रधानाचार्य मुकेश बाबू ने अतिथियों का स्वागत किया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत 800 मीटर दौड़ का आयोजन बालक एवं बालिका वर्ग में किया गया। बालक वर्ग में सीएसई द्वितीय वर्ष के मयंक असवाल ने प्रथम, इलेक्ट्रॉनिक्स तृतीय वर्ष के अमित कुमार ने द्वितीय तथा सीएसई द्वितीय वर्ष के सूर्य प्रताप सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग में इलेक्ट्रॉनिक्स प्रथम वर्ष की शिवानी ने प्रथम, सीएसई द्वितीय वर्ष की शीतल ने द्वितीय तथा सीएसई तृतीय वर्ष की शिवानी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि शैलेन्द्र सिंह रावत ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को खेलों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने, अनुशासन एवं परिश्रम को जीवन में अपनाने तथा अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयासरत रहकर जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेलकूद न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहायक हैं, बल्कि जीवन में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का भी विकास करते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में खेल ब्लॉक समन्वयक विनोद पन्त, शारीरिक शिक्षक सिद्धार्थ कोटनाला, महेश कुकरेती, सुरेश सिंह, वीरेन्द्र भंडारी एवं महेन्द्र सिंह तथा प्रवक्ता सन्तोष नेगी एवं अनिल नेगी का विशेष सहयोग रहा। संस्थान के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी भी आयोजन में उपस्थित रहे।
