कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष विनोद डबराल के नेतृत्व में यमकेश्वर के ग्रामीणों ने जंगली जानवरों के आतंक से सुरक्षा दिलाने हेतु तहसील यमकेश्वर में सौंपा ज्ञापन
एनसीपी न्यूज़। यमकेश्वर। बुधवार को कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष विनोद डबराल के नेतृत्व में तहसील यमकेश्वर के क्षेत्रवासियों ने यमकेश्वर विधानसभा में जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक और लगातार हो रही जनहानि के विरोध में तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।

ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र में गुलदार, भालू और लंगूर सहित अन्य जंगली जानवरों के हमलों से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। आए दिन लोगों की जान जा रही है। ग्रामीणों के पालतू पशुओं और खेती को भी भारी नुकसान पहुंच रहा है। हाल ही में दुगड्डा ब्लॉक के चरेख गांव में भालू के हमले में आंगनबाड़ी कार्यकत्री की दर्दनाक मृत्यु तथा ठांगर गांव में लंगूर के हमले में बच्चे की मृत्यु जैसी घटनाएं अत्यंत दुखद हैं।

ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से मांग की गई कि:
1. जंगली जानवरों के हमलों से ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था की जाए।
2. संवेदनशील गांवों में वन विभाग की नियमित गश्त बढ़ाई जाए।
3. गुलदार और भालू के आतंक से प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सुरक्षा उपाय किए जाएं।
4. जंगली जानवरों द्वारा फसलों और पालतू पशुओं को पहुंचाए जा रहे नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए।
5. जंगली जानवरों के हमले में मृतकों के परिवारों को उचित आर्थिक सहायता एवं प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान की जाए।
हमारी मांग है कि सरकार इस गंभीर समस्या पर तत्काल संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई करे, ताकि ग्रामीण भयमुक्त होकर अपना जीवन यापन कर सकें।
इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक सम्मानित क्षेत्रवासी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
