सेना की मजबूती और युवाओं का सुरक्षित भविष्य सर्वोपरि- पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी

सेना की मजबूती और युवाओं का सुरक्षित भविष्य सर्वोपरि- पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी

एनसीपी न्यूज़। कोटद्वार। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा शुक्रवार को जन सेवा केंद्र स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना को लेकर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताते हुए इसे पूरी तरह समाप्त करने तथा सभी अग्निवीरों को नियमित सैनिक का दर्जा देने की मांग उठाई। प्रेस वार्ता में पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल रामरतन सिंह नेगी ने योजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से अपनी बात रखी।

पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने अपने वक्तव्य में कहा** कि सेना देश की सुरक्षा, संप्रभुता और सम्मान का आधार है। सेना में भर्ती होने वाले युवाओं को चार वर्ष की संविदा आधारित सेवा तक सीमित रखना उनके भविष्य के साथ न्याय नहीं है। सेना में सेवा करने वाले प्रत्येक युवा को सम्मानजनक भविष्य, रोजगार की सुरक्षा और नियमित सैनिकों के समान अधिकार मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि अग्निपथ योजना से युवाओं के सामने भविष्य को लेकर अनिश्चितता पैदा हुई है। सरकार को युवाओं की भावनाओं और देश की सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर विषय को समझते हुए योजना को पूरी तरह समाप्त करना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए अनुभवी, प्रशिक्षित और स्थायी सैनिकों की आवश्यकता है तथा सैनिकों के सम्मान और अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।

पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल रामरतन सिंह नेगी ने कहा** कि कांग्रेस पार्टी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में अग्निपथ योजना का शुरुआत से ही विरोध करती रही है। कांग्रेस लगातार मांग कर रही है कि चार वर्ष की संविदा आधारित भर्ती व्यवस्था समाप्त कर अग्निवीरों को नियमित सैनिक के रूप में बहाल किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा अग्निवीरों की सेवा अवधि में दो वर्ष का विस्तार देने की बात करना इस योजना की खामियों को उजागर करता है। यदि अग्निवीरों का प्रदर्शन और कार्य संतोषजनक है तो केवल 25 प्रतिशत को ही नियमित क्यों किया जाए? सभी योग्य अग्निवीरों को स्थायी सैनिक का दर्जा मिलना चाहिए।
कर्नल नेगी ने कहा कि कांग्रेस द्वारा लगातार विरोध और दबाव बनाए जाने के बाद सरकार अब 25 प्रतिशत अग्निवीरों को नियमित करने तथा शेष 75 प्रतिशत को दो वर्ष का सेवा विस्तार देने की बात कर रही है। लेकिन यह युवाओं के भविष्य की अनिश्चितता का स्थायी समाधान नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अग्निवीरों का प्रदर्शन अच्छा है तो सभी को नियमित सैनिक क्यों नहीं बनाया जा सकता? उन्होंने अग्निवीरों के हित में प्रमुख मांगें रखते हुए कहा कि नियमित किए जाने वाले 25 प्रतिशत अग्निवीरों को उनकी भर्ती की तिथि से ही नियमित सैनिकों के समान वेतन, मिलिट्री सर्विस पे, महंगाई भत्ता और अन्य सभी सुविधाओं का लाभ दिया जाए। उन्हें नियमित सैनिकों की तरह प्रतिवर्ष 90 दिन का अवकाश दिया जाए। चिकित्सा कारणों से सेवा से बाहर हुए अग्निवीरों को दोबारा सेवा में शामिल करने का अवसर मिले। शहादत की स्थिति में उनके परिवारों को नियमित सैनिकों के समान सम्मान, मुआवजा, पारिवारिक पेंशन और अन्य सभी लाभ प्रदान किए जाएं। इसके साथ ही सेवा के दौरान शहीद होने वाले अग्निवीरों के परिवारों पर लगाए गए प्रतिबंधों को भी समाप्त किया जाए।
कर्नल रामरतन सिंह नेगी ने कहा कि अग्निपथ योजना राष्ट्रीय सुरक्षा, सेना की परंपराओं और युवाओं के भविष्य के लिहाज से गंभीर चिंताएं पैदा करती है। योजना लागू होने के बाद सेना में लगभग दो लाख जवानों की कमी तथा भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद करीब डेढ़ लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र नहीं मिल पाने जैसे गंभीर विषय सामने आए हैं। चार वर्ष की संविदा आधारित भर्ती व्यवस्था से सेना के प्रशिक्षण, अनुभव, कैडर प्रबंधन और भविष्य की सैन्य तैयारियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। भारत की विशाल अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा के लिए प्रशिक्षित, अनुभवी और नियमित सैनिकों की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी अब **’जय जवान अभियान पार्ट-2’** शुरू करने जा रही है। यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक केंद्र सरकार अग्निपथ योजना को पूरी तरह समाप्त नहीं करती और अग्निवीरों को नियमित सैनिकों का दर्जा एवं उनके समान सभी अधिकार प्रदान नहीं किए जाते।

कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि सेना का सम्मान, देश की सुरक्षा और युवाओं का भविष्य सर्वोपरि है। अग्निवीरों को चार वर्ष की अनिश्चित सेवा व्यवस्था में रखने के बजाय नियमित सैनिकों के समान वेतन, सुविधाएं, सम्मान और भविष्य की सुरक्षा मिलनी चाहिए। कांग्रेस पार्टी जवानों के अधिकारों और युवाओं के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर अपना संघर्ष लगातार जारी रखेगी।

इस अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी कोटद्वार की अध्यक्ष मीना बछुवाण, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह बिष्ट, पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ महानगर अध्यक्ष बृजपाल सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष सुदर्शन रावत,वरिष्ठ कांग्रेसी दान सिंह रावत, प्रदेश सचिव गणेश नेगी, के. एस. रावत, कै. नंदन सिंह रावत, अनिल वर्मा, होशियार सिंह बिष्ट, ताजबर सिंह नेगी, चंद्रमोहन सिंह रावत , कार्यालय सचिव राजीव कपूर,कुलदीप पुंडीर, संदीप रावत, हेमचंद पंवार, उपेंद्र सिंह नेगी, जितेन्द्र बिष्ट, प्रदीप नेगी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जन शामिल हुए।

Duklan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *