चरेख गांव में भालू के हमले से महिला की दर्दनाक मौत पर विनोद डबराल ने जताया गहरा दुख
एनसीपी न्यूज़। दुगड्डा। दुगड्डा ब्लॉक के चरेख गांव में भालू के हमले में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। बेहद दुखद है कि अस्पताल ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया। इस हृदयविदारक घटना पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं पूर्व जिला अध्यक्ष कांग्रेस विनोद डबराल ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
विनोद डबराल ने कहा कि पहाड़ों में लगातार बढ़ते जंगली जानवरों के आतंक के कारण ग्रामीणों का जीवन खतरे में है। आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार की ओर से इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम दिखाई नहीं दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भय के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। आखिर ग्रामीणों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा? सरकार को इस दिशा में तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों में वन विभाग की नियमित गश्त बढ़ाई जाए, जंगली जानवरों से बचाव के पुख्ता इंतजाम किए जाएं तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।
विनोद डबराल ने दिवंगत महिला को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
