त्यौहारी सीजन के दृष्टिगत बाजारों में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु पौड़ी पुलिस मुस्तैद
एनसीपी न्यूज़। कोटद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत बाजारों में बढ़ती भीड़भाड़ को देखते हुए जनपद के समस्त थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों के बाजारों एवं प्रमुख स्थानों पर लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों के क्रम में कोटद्वार पुलिस टीम द्वारा कोटद्वार के बाजारों में नियमित पैदल गश्त एवं निगरानी के साथ वाहनों की संघन चैकिंग भी की जा रही है। पुलिसकर्मियों द्वारा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मुस्तैदी से ड्यूटी करते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा आमजन एवं व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है। इसके साथ ही बाजारों में पैदल आवागमन को सुगम बनाने एवं यातायात बाधित होने से रोकने के लिए सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई भी की जा रही है।
