मवाकोट (कोटद्वार) में “भारत उदय एक्सपो–2026” का शुभारंभ, स्थानीय उत्पादों को मिलेगा प्रोत्साहन

मवाकोट (कोटद्वार) में “भारत उदय एक्सपो–2026” का शुभारंभ, स्थानीय उत्पादों को मिलेगा प्रोत्साहन

एनसीपी न्यूज़। कोटद्वार। मवाकोट (कोटद्वार) स्थित गेंद मेला ग्राउंड में भारत उदय एक्सपो–2026 में लैंसडाउन विधायक महंत दिलीप रावत ने बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

एक्सपो में उद्योग विभाग सहित विभिन्न स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें स्थानीय हस्तशिल्प, कृषि एवं उद्यान उत्पाद, खाद्य प्रसंस्कृत सामग्री तथा अन्य पारंपरिक उत्पाद प्रदर्शित एवं विक्रय हेतु उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त उत्तराखंड सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा भी सूचना स्टॉल लगाए गए हैं, जहाँ आमजन को संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है तथा योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई जा रही है।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित लैंसडाउन विधायक महंत दिलीप रावत ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन स्थानीय उत्पादों को व्यापक मंच प्रदान करते हैं और स्वरोजगार को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की “वोकल फॉर लोकल” अवधारणा को साकार करने में सहायक हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों की खरीद करें और स्वयं सहायता समूहों एवं लघु उद्यमियों को सशक्त बनाएं।

कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय उद्योगों को बाजार उपलब्ध कराना, लघु एवं सूक्ष्म उद्यमों को प्रोत्साहन देना तथा आमजन तक सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रभावी रूप से पहुँचाना है।

इस अवसर पर सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग विभाग, देहरादून के निदेशक, गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, पार्षदगण एवं आयोजन समिति के सदस्य के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, स्वयं सहायता समूहों, उद्यमियों एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

Ravikant Duklan (MA. MassCom )

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *