पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने कोटद्वार के प्रमुख बाजारों में भ्रमण कर क्षेत्रवासियों व व्यापारियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं
एनसीपी न्यूज़। कोटद्वार। पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने शुक्रवार को दीपावली के पावन अवसर पर कोटद्वार के प्रमुख बाजारों का पैदल भ्रमण कर क्षेत्रवासियों, व्यापारिक बंधुओं, दुकानदारों एवं खरीदारी के लिए पहुंचे लोगों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
इस दौरान उन्होंने दुर्गापुरी बाजार, पटेल मार्ग, बदरीनाथ मार्ग, झंडा चौक, देवी रोड, नजीबाबाद रोड, मालिनी मार्केट, स्टेशन रोड सहित नगर के विभिन्न प्रमुख बाजारों में पहुंचकर लोगों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने व्यापारिक बंधुओं एवं स्थानीय नागरिकों के बीच मिष्ठान वितरित कर दीपावली की खुशियां साझा कीं तथा सभी के सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना की।
इस अवसर पर नेगी ने कहा कि दीपावली केवल दीपों का पर्व नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और खुशियां बांटने का उत्सव भी है। यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख-समृद्धि, नई ऊर्जा और खुशहाली लेकर आए। उन्होंने कामना की कि मां लक्ष्मी एवं भगवान गणेश की कृपा सभी परिवारों पर सदैव बनी रहे।
उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से दीपावली का पर्व सुरक्षित एवं पर्यावरण के अनुकूल मनाने की विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार की खुशियों के साथ अपनी और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। आतिशबाजी के दौरान सावधानी बरतें तथा पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त रखने में अपना योगदान दें।
बाजार भ्रमण के दौरान स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं दुकानदारों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने नेगी का आत्मीय स्वागत किया और एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए पर्व की खुशियां साझा कीं।
