अमर शहीद राइफलमैन जसवंत सिंह रावत की पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि

अमर शहीद राइफलमैन जसवंत सिंह रावत की पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि

एनसीपी न्यूज़। कोटद्वार। मंगलवार को जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी कोटद्वार द्वारा जनसेवा केंद्र स्थित कांग्रेस कार्यालय में 1962 के भारत-चीन युद्ध के वीर नायक, महावीर चक्र से सम्मानित अमर शहीद राइफलमैन जसवंत सिंह रावत जी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी एवं उपस्थित कांग्रेसजनों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा देश की रक्षा के लिए उनके अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड की धरती सदैव से वीरों की जननी रही है। इस देवभूमि के वीर सपूतों ने देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देकर राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत किया है। पौड़ी गढ़वाल के वीर सपूत राइफलमैन जसवंत सिंह रावत का जीवन और उनका शौर्य भारतीय सैन्य इतिहास का एक गौरवशाली अध्याय है।
उन्होंने कहा कि 19 अगस्त 1941 को पौड़ी गढ़वाल के, बीरोंखाल ब्लॉक के ग्राम बाड़्यूं में जन्मे जसवंत सिंह रावत जी मात्र 19 वर्ष की आयु में भारतीय सेना की 4 गढ़वाल राइफल्स में भर्ती हुए थे। वर्ष 1962 में भारत-चीन युद्ध के दौरान अरुणाचल प्रदेश के नूरानांग क्षेत्र में 17 नवंबर को जब चीनी सेना ने भारतीय सैनिकों के मोर्चे पर भीषण हमला किया, तब जसवंत सिंह रावत जी ने अदम्य साहस और अद्वितीय वीरता का परिचय दिया।
श्री नेगी जी ने विशेष रूप से उनके दो वीर साथियों लांस नायक शहीद त्रिलोक सिंह नेगी जी एवं राइफलमैन गोपाल सिंह गुसाईं जी का उल्लेख करते हुए कहा कि दुश्मन की मशीनगन भारतीय सैनिकों के लिए गंभीर चुनौती बन गई थी। ऐसे कठिन समय में इन तीनों वीर जवानों ने दुश्मन की मशीनगन चौकी को नष्ट करने का साहसिक निर्णय लिया। लांस नायक त्रिलोक सिंह नेगी जी ने कवरिंग फायर दिया, जबकि जसवंत सिंह रावत जी और गोपाल सिंह गुसाईं जी ने आगे बढ़कर ग्रेनेड से दुश्मन की मशीनगन चौकी को निशाना बनाया। इस अदम्य साहसिक कार्रवाई ने युद्ध के मैदान में भारतीय सैनिकों के पराक्रम की ऐतिहासिक मिसाल कायम की। उन्होंने कहा कि जसवंत सिंह रावत जी के इस असाधारण शौर्य और सर्वोच्च बलिदान के लिए उन्हें मरणोपरांत देश के दूसरे सर्वोच्च वीरता सम्मान महावीर चक्र से सम्मानित किया गया। वहीं लांस नायक त्रिलोक सिंह नेगी और राइफलमैन गोपाल सिंह गुसाईं  को भी उनकी वीरता के लिए वीर चक्र से सम्मानित किया गया।
 नेगी ने कहा कि इन वीर जवानों की गाथा केवल इतिहास के पन्नों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। आज आवश्यकता है कि हम अपने बच्चों को देश के वीर सैनिकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान से परिचित कराएं, ताकि उनके भीतर भी राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा की भावना मजबूत हो।
इस अवसर पर अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड के वीर जवानों ने देश की रक्षा के लिए हमेशा अग्रिम पंक्ति में रहकर अपने साहस और पराक्रम का परिचय दिया है। शहीद जसवंत सिंह रावत  एवं उनके वीर साथियों का बलिदान हम सभी के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों का सम्मान करना और उनके आदर्शों को आत्मसात करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी कांग्रेसजनों ने अमर शहीदों के सम्मान में नमन करते हुए उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के महानगर अध्यक्ष बृजपाल सिंह नेगी , विधानसभा कोटद्वार अध्यक्ष साबर सिंह नेगी,प्रदेश सचिव विजय रावत,जानकी बुडाकोटी, प्रवीन जोशी, संरक्षक देवेंद्र सिंह नेगी, कार्यालय सचिव राजीव कपूर, सत्येंद्र सिंह नेगी, पूर्व यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमित राज, चंद्रमोहन सिंह रावत, धर्मेंद्र सिंह रावत, कृपाल सिंह नेगी, प्रदीप नेगी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जन मौजूद रहे ।

Duklan

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *