पोखड़ा ब्लाक के मझगांव में मिले 32 कोरोना पॉजिटिव, कंटेनमेंट जोन घोषित

एनसीपी न्यूज़। पोखड़ा ब्लाक के अंतर्गत चौबट्टाखाल क्षेत्र के मझगांव में 32 ग्रामीणों के एक साथ कोरोना पॉजिटिव मिलने से आस-पास के इलाकों में हड़कंप मच गया है। एक साथ इतने लोगों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद चौबट्टाखाल एसडीएम संदीप कुमार के नेतृत्व में पहुंची प्रशासन की टीम ने मझगांव को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए गांव को सील कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मझगांव में दो मई को विवाह समारोह आयोजित हुआ था। उसके बाद ग्रामीणों को खांसी बुखार सहित स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं शुरू हो गईं। गांव के बुखार की चपेट में आने पर ग्रामीणों की मांग पर स्वास्थ्य विभाग की टीम 11 मई को गांव पहुंची। टीम ने गांव में 97 लोगों की आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपलिंग की थी। मंगलवार को आई कोरोना रिपोर्ट में गांव के 32 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इस पर एसडीएम और डॉक्टरों की टीम गांव पहुंची। उन्होंने गांव का जायजा लिया और संक्रमण को फैलने से बचाने के लिए गांव को कंटेनमेंट जोन घोषित किया। एसडीएम संदीप कुमार ने बताया कि गांव के सभी 32 संक्रमितों को कोरोना किट उपलब्ध कराकर उन्हें होम आइसोलेट किया गया है।

Duklan

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *