संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा- पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी
एनसीपी न्यूज़। देहरादून/ कोटद्वार। प्रदेश में भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और केंद्र सरकार द्वारा संविधान की मूल भावना के साथ किए जा रहे खिलवाड़ के विरोध में आज उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर ‘संविधान बचाओ मार्च’ निकाला गया।
प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से राजभवन तक निकाले गए इस मार्च में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भागीदारी की। इस दौरान भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार को लेकर प्रतीकात्मक रूप से भ्रष्टाचार की पोटली लेकर विरोध दर्ज कराया गया।
इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि संविधान देश के लोकतंत्र की आधारशिला है। इसकी मूल भावना, लोकतांत्रिक संस्थाओं और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर लगातार संघर्ष करती रहेगी। संविधान की रक्षा और लोकतंत्र की मजबूती के लिए कांग्रेस का यह संकल्प अडिग है।
